राजकोट। गुजराती फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी कर रही मल्टीस्टारर एडवेंचर फिल्म 'गेट सटे गो' रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। फिल्म की टीम ने ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी सराहना हर कोई कर रहा है। दरअसल, फिल्म की टीम ने तय किया है कि प्रमोशन के लिए रखा गया बजट अब गुजरात के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद में इस्तेमाल किया जाएगा। टीम का कहना है कि इस समय फिल्म के प्रचार से ज्यादा जरूरी उन लोगों तक मदद पहुंचाना है, जो प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए हैं।
फिल्म अभिनेता दीपक तिजोरी ने इस पहल की जानकारी दी। आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा, ''हमने राजकोट के कलेक्टर ओमप्रकाश सिंह से मुलाकात की। पहले टीम ने सोचा था कि फिल्म का प्रमोशन पूरे गुजरात में बड़े स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए एक अलग बजट भी रखा गया था, लेकिन गुजरात में बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान को देखते हुए टीम ने अपना मन बदल लिया। हमने तय किया कि प्रमोशन पर होने वाले खर्च को अब सीधे बाढ़ प्रभावित और जरूरतमंद लोगों की मदद में लगाया जाएगा। हम फिल्म का प्रचार तो कर रहे हैं, लेकिन अब हमारा मुख्य उद्देश्य और नजरिया पूरी तरह से बदल चुका है।''
फिल्म टीम के सदस्य भौमिक संपत ने भी इस पहल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, ''हमारी फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इसी सिलसिले में हम कलेक्टर से मुलाकात करने आए थे। जो राशि हमने प्रमोशन के लिए अलग रखी थी, उसे जरूरतमंदों की मदद के लिए डोनेट कर दिया गया है। अपनी क्षमता के अनुसार, फिल्म की रिलीज से पहले और रिलीज के बाद भी हम जितनी संभव हो सकेगी उतनी मदद करते रहेंगे। मैं आम लोगों से भी अपील करता हूं कि इस मुश्किल घड़ी में आगे आएं और पीड़ितों की मदद करें।''
अभिनेत्री और लेखिका जीनल बेलानी ने इस फैसले को फिल्म की कहानी से जोड़ते हुए कहा, ''हमारी गुजराती फिल्म 'गेट सेट गो' की कहानी कुछ ऐसे लोगों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो 'चिरंजीवी' नाम से एक ग्रुप बनाते हैं और जरूरतमंदों की मदद करते हैं। जब हमारी फिल्म के प्रमोशन का समय आया और हमने बाहर के हालात देखे, तो हमें एहसास हुआ कि इस वक्त लोगों को हमारी मदद की ज्यादा जरूरत है। हमारी फिल्म का मूल संदेश ही यही है कि हमें गरीबों का सहारा बनना चाहिए। जब फिल्म इसी विचार पर बनी है, तो इसे असल जिंदगी में उतारना भी चाहिए।''
'गेट सेट गो' एक मल्टीस्टारर एडवेंचर ड्रामा है, जिसे वाल्मिकी पिक्चर्स और जलियान ग्रुप ने बनाया है। फिल्म का निर्देशन अर्णव कुमार ने किया है। फिल्म में दीपक तिजोरी के साथ भौमिक संपत, जीनल बेलानी, रौनक कामदार, भव्य गांधी, ओम भट्ट, शरद शर्मा, धर्मेंद्र गोहिल, मुनि झा, और अस्मित जोशी जैसे कलाकार नजर आएंगे।
'गेट सेट गो' 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।




