मुरैना, अक्षय जोशी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गर्ल्स स्कूल रोड पर संदिग्ध परिस्थितियों में दो युवकों को गोली लगने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों को अवैध हथियार से गोली लगी है। घटना में दोनों को दो-दो राउंड गोली लगने की जानकारी सामने आई है। एक युवक के पैर में तो दूसरे के कमर के पास गोली लगी है।


घटना में घायल हुए युवकों की पहचान निखिल तिवारी और उसके साथी राहुल सिकरवार के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर और जिला अस्पताल पहुंच गया। पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुट गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।