बमीठा, अशोक नामदेव। प्रयागराज से खजुराहो होते हुए डॉ. अंबेडकर नगर महू जाने वाली ट्रेन संख्या 14116 में आग लगने की अफवाह से यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना ट्रेन की बोगी संख्या S-7 (257783) में हुई, जहां सीट के नीचे रखे फायर एक्सटिंग्विशर पर गलती से एक यात्री का पैर पड़ गया। इससे उसमें से अचानक पाउडर वाला धुआं निकलने लगा।
धुआं उठता देख किसी यात्री ने ट्रेन में आग लगने का शोर मचा दिया। इसके बाद बोगी में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। डर के कारण कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर धीमी गति से चल रही ट्रेन से ही कूद गईं। सूचना मिलते ही लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को महोबा स्टेशन से करीब 20 किलोमीटर आगे आउटर पर रोक दिया।
ट्रेन रुकते ही RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ट्रेन में आग नहीं लगी थी, बल्कि फायर एक्सटिंग्विशर का सेफ्टी पिन दब जाने से धुआं निकला था। अधिकारियों के अनुसार घबराहट में 3 से 4 महिलाएं बच्चों सहित ट्रेन से उतर गईं, जिनमें से दो महिलाओं को मामूली चोट आई। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना के दौरान कई यात्री घबराकर आउटर पर ही उतर गए। करीब 15 मिनट बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया, लेकिन 12 यात्री वहीं छूट गए। बाद में RPF ने वाहन की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य स्टेशन तक पहुंचाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

