लवकुशनगर (छतरपुर)। लवकुशनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बगमऊ में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ कुएं में डूबने से सगे भाई-बहन की अकाल मृत्यु हो गई। बहन को कुएं में डूबता देख उसे बचाने के लिए भाई ने भी पानी में छलांग लगा दी थी, लेकिन अफसोस कि दोनों में से कोई भी जिंदा वापस नहीं लौट सका। इस दोहरे हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बगमऊ गांव निवासी मुस्कान राजपूत कुएं के पास नहा रही थी, तभी अचानक पैर फिसलने के कारण वह गहरे कुएं में गिर गई और डूबने लगी। अपनी बहन को तड़पता और डूबता देख वहां मौजूद भाई सत्यजीत राजपूत ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में छलांग लगा दी। गहरे पानी और सही अंदाजा न होने के कारण दोनों भाई-बहन पानी में समा गए और तड़प-तड़प कर दोनों की जान चली गई।
गांव में पसरा सन्नाटा
घटना की भनक लगते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और मामले की सूचना लवकुशनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से दोनों के शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही घर के दो चिराग बुझने से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक है।



