टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले के ग्राम अस्तोंन में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गांव के सिद्ध सागर तालाब में नहाने गए अहिरवार समाज के तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। एक ही हादसे में तीन बच्चों की जान जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।


जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे दोपहर के समय गांव के सिद्ध सागर तालाब में नहाने के लिए गए थे। नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी मिली और बचाव का प्रयास किया गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी।


ग्रामीणों की मदद से बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी।


पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं।


एक ही परिवार और समाज के तीन मासूम बच्चों की असमय मौत से ग्राम अस्तोंन स्तब्ध है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।