सतना, अंबिका केशरी। विंध्य चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव में सतीश सुखेजा ने लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद का चुनाव जीतकर नया इतिहास रच दिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संदीप जैन को 239 मतों के बड़े अंतर से पराजित करते हुए शानदार जीत दर्ज की। चेंबर के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी अध्यक्ष ने लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए जीत हासिल की है। इससे पहले योगेश ताम्रकार दो बार अध्यक्ष जरूर बने थे, लेकिन उनके दोनों कार्यकाल अलग-अलग सत्रों में रहे थे।
मतगणना की शुरुआत कार्यकारिणी सदस्यों के मतों की गिनती से हुई। इसके बाद अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों के मतों की गणना की गई। मतपत्रों की छंटाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए गए। परिणाम सामने आते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
अध्यक्ष पद पर सतीश सुखेजा को 599 मत प्राप्त हुए, जबकि संदीप जैन को 360 मत मिले। अन्य प्रत्याशियों में मनोहर दिगवानी को 319, अशोक को 287 तथा राजेश खत्री को 6 मत प्राप्त हुए। चुनाव में कुल 15 मत निरस्त घोषित किए गए। रिकॉर्ड मतदान के बाद आए परिणामों ने व्यापारिक समुदाय में खासा उत्साह पैदा किया।
नई कार्यकारिणी में महामंत्री पद पर मनोज कटारे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनोहर बाधवानी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक जैन, मंत्री पद पर मनोज अरोरा, सहमंत्री पद पर हिमांशु अरोरा तथा कोषाध्यक्ष पद पर अमित अग्रवाल निर्वाचित हुए। सभी विजयी पदाधिकारियों का व्यापारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
व्यापारिक वर्ग ने सतीश सुखेजा की लगातार दूसरी जीत को उनके पिछले कार्यकाल में किए गए कार्यों, नेतृत्व क्षमता और संगठन के प्रति व्यापारियों के विश्वास का प्रतीक बताया। नई कार्यकारिणी के सामने अब व्यापारियों के हितों की रक्षा, उद्योग-व्यापार से जुड़े मुद्दों के समाधान और विंध्य चेंबर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। लगातार दूसरी बार अध्यक्ष चुने जाने के साथ ही सतीश सुखेजा ने विंध्य चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा दिया।

