छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। मानसून के दौरान जिले में धामन (रेट स्नेक) के दिखाई देने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसी क्रम में शहर की सिविल लाइन कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से देखी जा रही एक विशाल धामन शनिवार सुबह एक ऊंचे पेड़ पर आराम करती मिली। स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए शहर के सर्पमित्र हेमंत गोदरे को इसकी सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षित रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
पेड़ की ऊंचाई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम ने जेसीबी की मदद से सावधानीपूर्वक धामन को नीचे उतारा। जांच में यह धामन प्रजाति की मादा निकली, जिसे सुरक्षित रूप से प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार मानसून धामन के प्रजनन का महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान मादा धामन अंडे देने के लिए सुरक्षित, सूखी और शांत जगह की तलाश में अपना ठिकाना बदलती रहती है। यही वजह है कि इन दिनों ये खेतों, बगीचों और रिहायशी क्षेत्रों में भी दिखाई देती हैं।
विशेषज्ञों ने बताया कि धामन पूरी तरह विषहीन होती है और इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होती। यह चूहों एवं अन्य कृंतकों का शिकार कर फसलों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, इसलिए इसे प्रकृति का प्राकृतिक प्रहरी भी कहा जाता है।
सर्पमित्रों ने नागरिकों से अपील की है कि यदि आसपास धामन दिखाई दे तो घबराएं नहीं, बल्कि सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें। जागरूकता और संयम से इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों की भी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।




