मुंबई, 25 मई । टेलीविजन इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री रुपाली गांगुली ने बेजुबान जानवरों की मदद के लिए पहल की है। सोमवार को अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे बंदरों को पानी पिला रही हैं।

पोस्ट किए गए वीडियो में रूपाली 'अनुपमा' के सेट पर प्यासे बंदरों को बोतल से एक-एक करके पानी पिलाती नजर आ रही हैं।

रुपाली ने जानवरों के प्रति गहरा लगाव दिखाने के साथ ही फैंस से अपील की कि वे इस तपती गर्मी में बेजुबान जानवरों के लिए अपने घर के बाहर पानी का एक कटोरा जरूर रखें।

उन्होंने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "दयालु बनने में कुछ खर्च नहीं होता, लेकिन इसकी कीमत बहुत बड़ी होती है। सभी से मेरी विनती है कि गर्मी में बेजुबान जानवरों के लिए एक कटोरा पानी जरूर रखें।"

अभिनेत्री ने यह भी साफ किया कि उन्होंने यह नेक पहल अपनी शूटिंग का काम खत्म होने के बाद ही किया, ताकि सेट पर किसी को कोई परेशानी न हो। उन्होंने लिखा, "सेट पर कुछ लोग मुझे बार-बार बुला रहे थे, लेकिन मेरे लिए सबसे पहले इन बेजुबानों की प्यास बुझाना जरूरी था। हमारा काम समय से पहले पूरा हो गया था, इसलिए मुझे इसके लिए थोड़ा वक्त मिल गया।"

रुपाली गांगुली ने बताया कि उन्होंने यह वीडियो अपने प्रोड्यूसर राजन शाही को भेजा, तो उन्होंने भी इसकी काफी सराहना करते हुए कहा, "हमारे इन प्यारे जानवरों का ख्याल सबसे पहले रखना चाहिए।"

उन्होंने अपनी टीम और प्रोडक्शन हाउस की तारीफ करते हुए लिखा, "मैं अपने आपको खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे इतने अच्छे प्रोडक्शन हाउस के साथ काम करने का मौका मिला, जहां जिंदगी और इंसानियत को सबसे पहले रखा जाता है। 'अनुपमा' के जरिए हमारी पूरी टीम हमेशा दया और करुणा का संदेश फैलाने में विश्वास रखती है।"

अभिनेत्री टीवी सीरियल 'अनुपमा' में नजर आ रही हैं। यह शो एक ऐसी गृहिणी की कहानी है, जो परिवार के लिए सभी त्याग करती है, लेकिन सम्मान न मिलने पर अपने आत्म-सम्मान के लिए नई पहचान बनाती है।