छतरपुर, संजय अवस्थी। रीवा में जैन साध्वियों को तेज रफ्तार कार द्वारा टक्कर मारने की घटना के बाद देशभर के जैन समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। 20 मई 2026 को कलेक्ट्रेट के पास पैदल विहार कर रहीं जैन साध्वियों को एक अनियंत्रित कार ने कुचल दिया था। हादसे में साध्वी श्रुतमति माता जी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य साध्वियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।


घटना के विरोध में जैन समाज के प्रतिनिधियों ने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। समाजजनों ने आरोपी चालक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए सख्त सजा दिलाने की मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि यह केवल एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही का मामला है, जिसने पूरे जैन समाज को आहत किया है।


जैन समाज के लोगों ने कहा कि साध्वीजी अहिंसा, संयम और धर्म का संदेश लेकर विहार कर रही थीं, ऐसे में इस प्रकार की घटना बेहद दुखद और असहनीय है। समाज ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर न्याय सुनिश्चित किया जाए।


वहीं, दिवंगत साध्वी को श्रद्धांजलि देने और न्याय की मांग को लेकर जैन समुदाय ने 25 मई 2026 को देशभर में ‘मौन न्याय मार्च’ निकालने का आह्वान किया है। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन शांतिपूर्ण ढंग से शामिल होकर अपनी भावनाएं व्यक्त करेंगे।