उमरिया, तपस गुप्ता । रक्षाबंधन त्योहार से पहले मिठाइयों में मिलावट और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शहर की मिठाई दुकानों पर अचानक जांच अभियान चलाया। गांधी चौक के पास स्थित शिवालय होटल में जांच के दौरान करीब 54 किलो संदिग्ध सिंथेटिक मिठाई मिलने पर टीम ने उसे जब्त कर नष्ट कराया। साथ ही अनियमितताएं पाए जाने पर प्रतिष्ठान को तीन दिन के लिए सील कर दिया गया।


जांच में मिला संदिग्ध मिठाई का जखीरा


एसडीएम अम्बिकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शिवालय होटल के दुकान परिसर और गोदाम की जांच की। इस दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध सिंथेटिक मिठाई मिली। खाद्य सामग्री के निर्माण और भंडारण में अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने करीब 54 किलो मिठाई का विनिष्टीकरण कराया।


कार्रवाई के बाद शिवालय मिष्ठान भंडार को तीन दिन के लिए सील कर दिया गया। त्योहार से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई से शहर के अन्य मिठाई कारोबारियों में भी हलचल देखी गई।


राजा स्वीट्स से लिए नमूने


शिवालय होटल के बाद संयुक्त टीम संजय मार्केट स्थित राजा स्वीट्स पहुंची। यहां मिठाइयों और मेवों की जांच की गई तथा अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। विभाग के अनुसार इन नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा।


जांच के दौरान कुछ खाद्य सामग्री का विनिष्टीकरण भी कराया गया। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि लिए गए नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।


त्योहार तक जारी रहेगा जांच अभियान


खाद्य निरीक्षक मंजू वर्मा ने बताया कि शिवालय होटल से 54 किलो संदिग्ध मिठाई नष्ट कराई गई है और प्रतिष्ठान को तीन दिन के लिए सील किया गया है। वहीं राजा स्वीट्स से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे जाएंगे।


रक्षाबंधन के चलते बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ गई है। इसे देखते हुए विभाग ने मिलावटी खोवा, सिंथेटिक मिठाई, नकली मेवे और अन्य अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में शहर के अन्य मिठाई प्रतिष्ठानों और खाद्य दुकानों की भी जांच की जाएगी।


प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि त्योहार के दौरान मिलावटी और अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई का शिकंजा कसने वाला है।