मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। अहमदाबाद में इलाज के दौरान एक महिला की मौत होने के बाद मंदसौर स्थित स्पर्श अस्पताल के बाहर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल की एक महिला डॉक्टर पर गलत इलाज और लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया तथा अस्पताल के बाहर नारेबाजी की।
परिजनों का कहना है कि स्पर्श अस्पताल में महिला का उपचार सही तरीके से नहीं किया गया, जिसके कारण उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन स्पर्श अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
स्थिति को देखते हुए अस्पताल के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास करते रहे। फिलहाल मामले में परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। मामले की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही की पुष्टि हो सकेगी।




