छतरपुर, विनोद मिश्रा। बक्सवाहा स्थित पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। आरोप है कि लंच ब्रेक के दौरान कई छात्राएं बिना अनुमति विद्यालय परिसर से बाहर निकलकर मुख्य सड़क पर घूमती नजर आती हैं।
विद्यालय छतरपुर-जबलपुर मुख्य मार्ग से लगा हुआ है, जहां दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके अलावा आसपास असामाजिक तत्वों की मौजूदगी की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। ऐसे में छात्राओं का बिना अनुमति विद्यालय से बाहर निकलना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
नियमों के अनुसार विद्यालय समय और लंच ब्रेक के दौरान मुख्य गेट बंद रखा जाना चाहिए। किसी भी छात्रा को प्रधानाचार्य या अधिकृत शिक्षक की अनुमति के बिना विद्यालय परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं होती। इसके बावजूद छात्राओं के बाहर निकलने की बात सामने आने पर स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. रैकवार से बात की गई। उन्होंने कहा, “मैं स्वयं कल विद्यालय जाकर पूरे मामले की जांच करूंगा। जांच में जो भी शिक्षक या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बक्सवाहा के बीईओ से भी पूरे मामले की जानकारी तलब की जा रही है।”
अब शिक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई पर नजर है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में जिम्मेदारों पर समय रहते कार्रवाई होगी या किसी बड़े हादसे के बाद व्यवस्था जागेगी।




