बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। आगासौद थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय डंपर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी का डंपर बरामद कर तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने राजस्थान तक करीब 900 किलोमीटर पीछा किया। मामला 18 जुलाई की रात का है, जब बीना रिफाइनरी गेट के पास पार्किंग से झांसी निवासी नवल सिंह यादव का डंपर चोरी हो गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों से पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए राजस्थान नंबर के दूसरे डंपर का फास्टैग इस्तेमाल कर कई टोल प्लाजा पार किए थे। पुलिस ने राजस्थान के बालोतरा, बाड़मेर और जोधपुर जिलों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने डंपर चोरी की वारदात की साजिश रची थी और चोरी के बाद डंपर को राजस्थान ले जाकर महाराष्ट्र के कोल्हापुर भागने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उन्हें दबोच लिया।