छतरपुर, विनोद मिश्रा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सौरा रोड स्थित रघुनंदन बिहार कॉलोनी में घर के बाहर कचरा डालने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान 24 वर्षीय नरेश साहू के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह घायल हो गया।


जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 8:30 बजे सोना बाई साहू ने मोहल्ले में कचरा फेंकने के निर्धारित स्थान पर घर का कचरा डाला था। इसी बात को लेकर रामबाबू पटेल विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसका विरोध सोना बाई के पुत्र संतोष साहू और नरेश साहू ने किया।


आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामबाबू पटेल ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर नरेश साहू के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में नरेश घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे सिटी कोतवाली थाने लेकर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।