मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा। जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत खरमसेड़ा गांव में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसे में तीन ग्रामीणों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक बैल कुएं में गिर गया था, जिसे बचाने के प्रयास में ग्रामीण एक-एक कर कुएं में उतरे, लेकिन भीतर मौजूद जहरीली गैस के कारण सभी बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार, बैल को निकालने के लिए सबसे पहले एक ग्रामीण कुएं में उतरा। उसके बाहर नहीं आने पर दो अन्य ग्रामीण भी उसे बचाने के लिए नीचे उतर गए, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। हादसे के दौरान एक अन्य ग्रामीण भी कुएं में उतरा, जो गैस के असर से बेहोश हो गया। उसे तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।


हादसे में मृतकों की पहचान कृष्ण कुमार यादव (28 वर्ष), वीरेंद्र यादव (47 वर्ष) और राहुल यादव (34 वर्ष) के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे खरमसेड़ा गांव में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।