जबलपुर : शहडोल की एक 16 वर्षीय किशोरी ने अपने शराबी पिता द्वारा लगातार छेड़छाड़ और यौन प्रताड़ना के खिलाफ विद्रोह करते हुए घर छोड़ दिया। वह शहडोल से कटनी होते हुए जबलपुर पहुंची, जहां दिनभर शहर में घूमने और रातें रेलवे स्टेशन पर सोने के बाद पुलिस ने उसे महिला थाने ले जाया। किशोरी ने पुलिस को पिता की गंदी हरकतों के वीडियो भी दिखाए, लेकिन पुलिस ने पिता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की और उसे मां के साथ शहडोल वापस भेज दिया।

किशोरी ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया, “वो पिता के नाम पर धब्बा है। कभी मेरे छाती पर हाथ लगाता, कभी नीचे। मैंने मना किया तो बहुत मारा। मां को बताया तो उन्हें भी पीटा। रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर घर से भागना ही सही समझा।”

एक साल से जारी थी प्रताड़ना

किशोरी के अनुसार, पिता प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। करीब एक साल पहले शराब पीकर घर आए और रात में उसके कमरे में बिना कपड़ों के पहुंच गए। इसके बाद यह सिलसिला नियमित हो गया। पिता अक्सर पूछते कि “पेट में दर्द हो रहा है?” और फिर कपड़े ऊपर करके छेड़छाड़ करते। विरोध करने पर मारपीट करते। किशोरी ने इन घटनाओं के वीडियो भी मोबाइल में दर्ज कर लिए थे, जो उसने पुलिस को दिखाए।

जबरन शादी कराई

पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर पिता ने उसे मारपीट की और मां को भी पीटा। आखिरकार 5 मई 2026 को उसकी मर्जी के बिना 20 साल बड़े शराबी युवक से जबरन शादी कर दी गई। ससुराल में भी मारपीट जारी रही। मां से मदद मांगी तो उन्होंने इनकार कर दिया। अंत में किशोरी ने 9 जुलाई को घर से भागने का फैसला किया।

स्टेशन पर मिली, फिर परिवार को सौंपा

9 जुलाई को शहडोल स्टेशन पहुंचकर किशोरी कटनी और फिर जबलपुर पहुंची। बुधवार शाम रेलवे स्टेशन पर बैठी हुई उसे एक पुलिसकर्मी ने देखा और महिला थाने ले आया। यहां उसने पूरी घटना बताई और वीडियो दिखाए। पुलिस ने शुरू में उसे शेल्टर होम भेजा, लेकिन गुरुवार को मां और मामा शहडोल पुलिस के साथ पहुंचे।

मां ने पुलिस को बताया कि बेटी पेट के दर्द के इलाज के लिए कटनी गई थी और 9 जुलाई शाम को अकेली घर से निकल गई। जब वापस नहीं आई तो गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मां का कहना था कि पहले भी बेटी एक बार घर छोड़ चुकी थी, इसलिए “इज्जत बचाने” के लिए पड़ोसी से शादी कराई गई।

पुलिस की भूमिका पर सवाल

किशोरी का कहना है कि वह घर नहीं जाना चाहती थी क्योंकि पिता फिर वही हरकतें दोहराएंगे। इसके बावजूद जबलपुर पुलिस ने पिता के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया और उसे मां के साथ शहडोल भेज दिया। अब किशोरी को आशंका है कि शहडोल पुलिस भी पिता पर कार्रवाई करेगी या नहीं।