टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सागर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गोपालपुर-कारी हल्के में पदस्थ पटवारी अजय सूत्रकार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में पूरे दिन मामले की चर्चा होती रही।
जानकारी के अनुसार पुटेरी गांव निवासी पोंटू आदिवासी की जमीन से जुड़े रास्ते के प्रकरण में कार्रवाई करने के एवज में पटवारी द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। फरियादी ने इसकी शिकायत सागर लोकायुक्त कार्यालय में की थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
जांच में सामने आया कि आरोपी पटवारी पहले ही फरियादी से 5 हजार रुपये ले चुका था, जबकि शेष 10 हजार रुपये मंगलवार को ग्राम पंचायत गोपालपुर के पंचायत भवन में लेने वाला था। तय योजना के तहत फरियादी रिश्वत की राशि लेकर पंचायत भवन पहुंचा। जैसे ही पटवारी ने रकम अपने हाथ में ली, वहां मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान रासायनिक परीक्षण में भी रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। लोकायुक्त की इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
लोकायुक्त अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत तत्काल लोकायुक्त से करें। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




