छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिला चिकित्सालय छतरपुर में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली और भीषण अव्यवस्थाओं को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। गल्ला मंडी निवासी अधिवक्ता अभिलेख खरे ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को एक लिखित शिकायती आवेदन सौंपकर अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही को उजागर किया है। शिकायत में बताया गया है कि अस्पताल के सामान्य वार्डों में भर्ती मरीजों को इस भीषण गर्मी के मौसम में न्यूनतम सुविधाएं भी नसीब नहीं हो रही हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


कलेक्टर को सौंपे गए पत्र के अनुसार शिकायतकर्ता जब अपने एक परिचित का हालचाल जानने जिला चिकित्सालय के चतुर्थ तल पर स्थित सामान्य वार्ड में पहुंचे, तो वहां के हालात बेहद चिंताजनक मिले। इस झुलसा देने वाली गर्मी में भी वार्ड के भीतर पंखे और कूलर सुचारू रूप से उपलब्ध नहीं हैं। हवा के अभाव में पूरा वार्ड तप रहा है, जिससे वहां मौजूद मरीज तो परेशान हैं ही, साथ ही स्वस्थ व्यक्ति के भी बीमार होने की स्थिति बन गई है। इसके अलावा वार्ड से जुड़े टॉयलेट की सफाई न होने से वहां भारी गंदगी और बदबू पसरी हुई है, तथा बदबू से राहत के लिए वार्ड में रूम फ्रेशनर या स्प्रे तक का इंतजाम नहीं किया गया है।


इस अमानवीय अव्यवस्था से मरीजों को हो रही अत्यधिक परेशानी को देखते हुए अधिवक्ता ने कलेक्टर से मानवीय और सहानुभूति पूर्वक विचार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने मांग की है कि जिला अस्पताल की इन मूलभूत असुविधाओं को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए ताकि मरीजों को राहत मिल सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस शिकायत की प्रति मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन को भी अग्रेषित की गई है।