उमरिया। जिले के एक गांव में प्रसूता की मौत के बाद अंतिम संस्कार के दौरान उस वक्त भारी हंगामा और रहस्य की स्थिति बन गई, जब एक अन्य महिला ने शव के पास पहुंचकर मौत और बच्चे को लेकर अजीबोगरीब व सनसनीखेज दावे कर दिए। महिला के इन बयानों के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला और उसके पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रसूता की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए उमरिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही प्रसूता ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को गांव ले आए और अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही थीं। अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच गांव की ही एक महिला अचानक शव के समीप पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने दावा किया कि प्रसूता की मौत के पीछे उसका हाथ है। उसने बदला लेने और बच्चे की हत्या करने जैसी बातें भी कही। महिला के इन कथित दावों को सुनकर मौके पर मौजूद परिजन व ग्रामीण सन्न रह गए और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने घेरा, पुलिस ने सुरक्षित निकाला
आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला को पकड़ लिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ से स्थिति को संभालते हुए महिला और उसके पति को ग्रामीणों के बीच से सुरक्षित निकाला और पूछताछ के लिए उमरिया कोतवाली ले आई।
अंधविश्वास की चर्चा, मेडिकल रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद से गांव में जादू-टोने और तंत्र-मंत्र को लेकर तरह-तरह की अफवाहें चल रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। पुलिस प्रसूता के अस्पताल के रिकॉर्ड, इलाज की हिस्ट्री और रेफर किए जाने की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों से किसी भी तरह के अंधविश्वास और अफवाहों पर ध्यान न देने व शांति बनाए रखने की अपील की है। मामले में पूछताछ जारी है।




