छतरपुर, संजय अवस्थी। देवी अहिल्याबाई होल्कर जी की जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को पाल समाज द्वारा शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त केशव सिंह बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शोभायात्रा की शुरुआत मोटे के महावीर मंदिर से की गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। यात्रा के दौरान समाज के युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर समाज के लोग झूमते-नाचते हुए आगे बढ़े, जिससे पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने देवी अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व एवं उनके समाज सेवा के कार्यों को याद करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत भी किया गया।

