छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बमीठा पावर हाउस के पास किराए के मकान में रहने वाली 3 वर्षीय मासूम आरती अहिरवार की पानी से भरे टैंक में गिरने से मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार आरती अपने माता-पिता और 6 बहनों के साथ किराए के मकान में रहती थी। परिवार मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। रविवार सुबह करीब 5 बजे जब घर के सभी लोग सो रहे थे, तभी मासूम आरती बाथरूम जाने के लिए उठी। इसी दौरान वह पानी पीने के लिए मटके के पास पहुंची, जो जर्जर और जंग लगे पानी के टैंक के ढक्कन पर रखा हुआ था।


बताया जा रहा है कि जैसे ही बच्ची वहां पहुंची, टैंक का कमजोर ढक्कन टूट गया और वह सीधे पानी से भरे टैंक में गिर गई। कुछ देर बाद जब मां सपना अहिरवार की नींद खुली तो बेटी बिस्तर पर नहीं मिली। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो मासूम टैंक के अंदर मिली।


घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक वे करीब एक सप्ताह पहले ही इस मकान में किराए से रहने आए थे।


इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में मासूम आरती की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सिर्फ चीख-पुकार और सन्नाटा रह गया है।