इंदौर। इंदौर शहर में भीषण गर्मी के साथ ही जल संकट गहराता जा रहा है। पानी की किल्लत से परेशान जनता का सब्र अब जवाब देने लगा है। शनिवार को विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-2 में इसका सीधा असर देखने को मिला, जब पाटनीपुरा और मालवा मिल क्षेत्र के करीब 1500 रहवासी खाली डिब्बे और बर्तन लेकर सीधे क्षेत्रीय विधायक रमेश मेंदोला के बंगले पर पहुंच गए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल थे, जिन्होंने नगर निगम की लचर जल प्रदाय व्यवस्था के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया।


पार्षद के नेतृत्व में निकाली रैली, गूंजे नारे

शनिवार सुबह वार्ड 26 के पार्षद लाल बहादुर वर्मा के नेतृत्व में रहवासियों ने एक विशाल विरोध रैली निकाली। ई-रिक्शा और बाइकों पर लाउडस्पीकर लगाकर लोगों को प्रदर्शन में जोड़ा गया। देखते ही देखते मालवा मिल से लेकर विधायक बंगले तक की सड़क पर प्रदर्शनकारियों का हुजूम उमड़ पड़ा। महिलाओं ने खाली बर्तन हवा में लहराकर नगर निगम और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। "पिछले एक हफ्ते से घरों में सिर्फ 10 मिनट पानी आ रहा है। वाल्व पूरी तरह नहीं खोले जा रहे। इतने कम समय में रोजमर्रा की जरूरत के लिए पानी भरना भी नामुमकिन हो गया है। कई इलाकों में तो गंदा पानी सप्लाई हो रहा है।"


- आक्रोशित रहवासी, वार्ड 26


टैंकरों को पानी नहीं भरने देने का आरोप

पार्षद लाल बहादुर वर्मा ने नगर निगम के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वार्ड के लिए स्वीकृत पानी के टैंकरों को भी टंकी से भरने नहीं दिया जा रहा है। पहले मालवा मिल टंकी से टैंकर भरे जाते थे, जहां रोक लगा दी गई। इसके बाद दूसरी टंकी की व्यवस्था की गई, लेकिन वहां से भी टैंकरों को खाली लौटाया जा रहा है। इस कारण टैंकर सप्लाई भी पूरी तरह ठप हो गई है।


सूख गए बोरिंग, पानी खरीदने को मजबूर लोग

स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में सिर्फ नर्मदा लाइन ही नहीं, बल्कि पारंपरिक बोरिंग भी पूरी तरह सूख चुके हैं। जलस्तर नीचे जाने के कारण अब बोरिंग से पानी नहीं आ रहा है। भीषण गर्मी में पानी की मांग दोगुनी हो चुकी है, जिससे हालात बदतर हो गए हैं। कई मध्यमवर्गीय परिवारों को रोजाना पानी खरीदकर अपना काम चलाना पड़ रहा है।


विधायक ने दिए निर्देश, नंदानगर से भरे जाएंगे टैंकर

जनता का गुस्सा देखने के बाद विधायक रमेश मेंदोला ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने मौके पर ही नगर निगम के उच्च अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए। सप्लाई का समय बढ़ेगा: विधायक ने निर्देश दिए कि मालवा मिल टंकी का वाल्व सही तरीके से खोला जाए और जल प्रदाय का समय बढ़ाकर 20 से 25 मिनट किया जाए। नई व्यवस्था: टैंकरों की समस्या को देखते हुए तत्काल प्रभाव से नंदानगर टंकी से टैंकर भरने की नई व्यवस्था शुरू करवाई गई।


जीर्णमाता मंदिर के पास बनेगी नई पानी की टंकी

वार्ड में पानी की स्थायी समस्या को लेकर पार्षद वर्मा ने विधायक से एक नई पानी की टंकी निर्माण की मांग की है। वर्तमान में पूरे वार्ड में एक भी बड़ी टंकी नहीं है, जिससे सप्लाई चेन प्रभावित होती है। बताया जा रहा है कि विधायक की सहमति के बाद जीर्णमाता मंदिर के पास नई नर्मदा टंकी के निर्माण के लिए जगह चिह्नित कर ली गई है, जिससे भविष्य में क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।