बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह बुन्देला। बड़ामलहरा अनुभाग की बंधा चौकी क्षेत्र अंतर्गत काठन नदी में नहाने गए एक 8 वर्षीय बालक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बंधा निवासी नंदू अहिरवार अपने 8 वर्षीय पुत्र रितेश अहिरवार के साथ सुबह काठन नदी में नहाने गए थे। नदी में नहाने के दौरान सभी लोग बाहर निकल आए, लेकिन रितेश बाहर नहीं आया। काफी देर तक दिखाई न देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बालक नदी के बहाव में बहता हुआ दिखाई दिया।


पिता के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद समाजसेवी लोकेन्द्र सिंह बुंदेला तत्काल मदद के लिए आगे आए। उन्होंने गंभीर अवस्था में बालक को अपनी कार से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ामलहरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


बालक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।