मुंबई। अभिनेत्री नम्रता शिरोडकर हर साल गणेश चतुर्थी के उत्सव में बप्पा का तहे दिल से स्वागत करती हैं। बुधवार को अभिनेत्री ने गणेश विससर्न की खास झलक पेश की, जिसमें उन्होंने बताया कि उनका दिन हंसी, ढेर सारी बातों और अपनों के साथ बीता।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें वे नारंगी रंग के लिबास में नजर आ रही हैं। तस्वीरों में वह हरियाली से घिरी एक आरामदेह दोपहर का आनंद लेती दिखीं। तस्वीरों में उनके घर और उसके आसपास के शांत माहौल की भी झलक मिली।
अभिनेत्री ने अपनी इस पोस्ट के जरिए बताया कि पूरे हंसी और ढेर सारी बातों के बाद गणेश विसर्जन संपन्न हुआ। अभिनेत्री नम्रता शिरोडकर ने लिखा, "आलसी नारंगी दोपहर।"
उन्होंने आगे लिखा, " खूब सारी हंसी, अंतहीन बातें और कोई प्लान नहीं। बस वैसा ही दिन जिसे आप हमेशा के लिए सहेजकर रखना चाहें। दिन का अंत गणपति विसर्जन के साथ किया... भरे हुए दिल और प्यार, खुशी और नई शुरुआत की छोटी सी प्रार्थना के साथ, एक बेहद खूबसूरत सूर्यास्त के बीच कुछ दिन बस अच्छे लोगों के साथ, सुकून भरे पलों और खूबसूरत यादों के लिए होते हैं। गणपति बप्पा मोरया।"
एक्ट्रेस ने अपने घर में भी गणेश चतुर्थी मनाई थी और गणेश विसर्जन की झलक भी शेयर की थी, जिसमें परिवार समेत सभी शामिल थे। परिवार को विसर्जन के दौरान रस्मों में हिस्सा लेते और गणपति बप्पा को विदाई देते देखा गया था। उन्होंने आरती करते हुए और अपने पालतू जानवरों के साथ मूर्ति के सामने पोज देते हुए अपना एक वीडियो भी शेयर किया था।
नम्रता शिरोडकर महाराष्ट्रियन बैकग्राउंड से हैं और एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर की बहन हैं। साउथ इंडियन सुपरस्टार महेश बाबू से शादी के बाद नम्रता ने फैमिली लाइफ पर फोकस करने के लिए एक्टिंग से दूरी बना ली थी। नम्रता 90 के दशक में बॉलीवुड का हिस्सा रही हैं और उन्होंने पुकार, वास्तव, जब प्यार किसी से होता है जैसी कई फिल्मों में अभिनय किया है।




