टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवनिर्मित प्रतीक्षालय का भाजपा विधायक हरिशंकर खटीक ने विधिवत शुभारंभ किया। यह प्रतीक्षालय विधायक निधि से 10 लाख रुपए की लागत से तैयार कराया गया है, जिससे अब दूर-दराज से आने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।


जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से लोग अपने शासकीय कार्यों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें धूप, गर्मी और बारिश में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर विवेक श्रोतिये ने प्रतीक्षालय निर्माण की पहल की थी।


इसके बाद विधायक हरिशंकर खटीक द्वारा विधायक निधि से राशि स्वीकृत की गई और पीडब्ल्यूडी विभाग ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रतीक्षालय का निर्माण कराया। शुभारंभ अवसर पर विधायक ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों को सम्मानजनक सुविधाएं मिलना आवश्यक है। प्रतीक्षालय बनने से अब लोगों को मौसम की मार से राहत मिलेगी और भविष्य में भी जनसुविधा से जुड़े कार्य किए जाएंगे।


कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी अधिकारी मनोज दुबे, एसडीओ प्रदीप कुमार जैन, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।