इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर ग्रामीण के महू थाना क्षेत्र में चर्चित गोवंश हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी इमरान खटखट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इस मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है और उसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही थी।


पुलिस के अनुसार इमरान खटखट अपने साथियों के साथ अवैध रूप से गोवंश हत्या कर मांस बेचने के कारोबार में संलिप्त था। मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।


आखिरकार पुलिस ने आरोपी को चोरल डेम पुलिया के पास से दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया और पुलिया से नीचे कूद गया, जिससे उसके दोनों पैरों में चोट लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।


पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मारपीट, अवैध हथियार रखने, गोवंश हत्या, बलवा सहित करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी कार्रवाई की जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।