भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशभर की मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए। कार्यक्रम में करीब 850 प्रतिभाशाली बेटियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सपनों को साकार करने और उज्ज्वल भविष्य बनाने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने छात्राओं को डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं कार्यक्रम में वक्फ बोर्ड संस्था के अध्यक्ष सनवर पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लगातार मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया जा रहा है और जो छात्राएं अभी लाभ से वंचित हैं, उन्हें भी जल्द योजना का लाभ दिया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री के कार्यों को सराहनीय बताया। कई छात्राओं ने अपने उज्ज्वल भविष्य के सपनों को साझा करते हुए कहा कि इस तरह की सहायता से उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है।

