भोपाल, जीतेन्द्र यादव। शहर के रचना टॉवर में सोमवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार आग बिल्डिंग की पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और धुआं फैलने से बिल्डिंग में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। हादसे में कई कारें और बाइक जलकर पूरी तरह खाक हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पार्किंग से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद लोग घबराकर बिल्डिंग से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

