मंदसौर, (ललित शंकर धाकड़)। मंदसौर जिले में बारिश का लंबा खींच (सूखा दौर) शुरू होने से किसानों और आम जनता की चिंताएं बढ़ने लगी हैं। फसलों को सूखने से बचाने और जिले में अच्छी बारिश की कामना को लेकर भानपुरा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने एक अनोखी पहल की है। छात्राओं ने एक साथ एकत्र होकर इंद्र देवता से अच्छी बारिश के लिए विशेष गुहार लगाई। छात्राओं द्वारा हाथ जोड़कर बारिश की प्रार्थना करने का यह भावुक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी लोग खूब सराहना कर रहे हैं।
फसलों की स्थिति को लेकर किसान चिंतित
मंदसौर जिला मुख्य रूप से कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहाँ इस समय सोयाबीन, मक्का और अन्य खरीफ फसलें खेतों में खड़ी हैं। बारिश थमने और धूप तेज होने के कारण फसलों में नमी की कमी होने लगी है। यदि जल्द ही अच्छी बारिश नहीं हुई तो फसलों को भारी नुकसान पहुँच सकता है। इसी चिंता के बीच किसान और आमजन लगातार बादलों की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं।
मासूमों की प्रार्थना से जगी उम्मीद
भानपुरा की शासकीय कन्या शाला की छात्राओं ने प्रार्थना सभा के दौरान पूरी निष्ठा के साथ इंद्र देव से प्रार्थना की कि वे जल्द से जल्द अपनी कृपा बरसाएं, ताकि खेतों में खड़ी फसलें बच सकें और जलस्रोत लबालब हो सकें। विद्यालय की छात्राओं की इस निश्छल प्रार्थना ने क्षेत्रवासियों का दिल छू लिया है। अब सभी को उम्मीद है कि इन बालिकाओं की गुहार जल्द ही रंग लाएगी और मंदसौर जिले में मेघ मेहरबान होंगे।




