टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर के पोस्ट ऑफिस के सामने देर शाम ट्रांसफार्मर बॉक्स में अचानक भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटें देखकर इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम और फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंच गई। सहायक अभियंता नितिन बॉथम स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य की कमान संभाली। उन्होंने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कर दी और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सहायक अभियंता नितिन बॉथम ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ते विद्युत लोड को देखते हुए पहले ही अतिरिक्त 100 केवीए ट्रांसफार्मर लगाया गया था। उन्होंने कहा कि अब उपभोक्ताओं के बिजली भार की जांच कराई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
घटना के दौरान नितिन बॉथम देर रात करीब 1 बजे तक मौके पर डटे रहे और मरम्मत, राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करते रहे। उनकी तत्परता और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
नागरिकों का कहना था कि अधिकारियों की सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई से बड़ा नुकसान टला, वरना आसपास की दुकानों और मकानों को भारी क्षति पहुंच सकती थी।

