पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। टीकमगढ़ जिले के पलेरा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो डंपरों को जब्त किया है। यह कार्रवाई जतारा एसडीएम निशांत सिंह भूरिया के नेतृत्व में देर रात संयुक्त रूप से की गई।


कार्रवाई में तहसीलदार पलेरा कुलदीप सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार एवं राजस्व विभाग की टीम शामिल रही। प्रशासनिक अमले ने बेला के पास बिना वैध दस्तावेजों के रेत परिवहन कर रहे दो डंपरों को पकड़ा। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर संबंधित थाने में खड़ा कराया गया है।


जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए यह कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार एवं अवैध रेत परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।