छतरपुर, राजू दुबे। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल भीमकुंड में एक अज्ञात युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक का शव भीमकुंड के गहरे पानी में दिखाई देने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया। घटना की जानकारी मिलने पर बक्सवाहा तहसीलदार एवं बाजना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का शव भीमकुंड के अंदर लगभग 15 से 20 फुट गहराई में दिखाई दे रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए रात करीब 8 बजे एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि प्रारंभिक प्रयासों के दौरान शव और अधिक गहराई में चला गया, जिससे रेस्क्यू अभियान में कठिनाई आई।
इसके बाद बुधवार सुबह कमांडेंट भूपेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में छतरपुर एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लगभग एक घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद शव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू अभियान में छतरपुर और दमोह की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
शव की तलाशी के दौरान युवक की जेब से सल्फास की गोली बरामद हुई, जबकि उसके हाथ पर एक मोबाइल नंबर लिखा मिला। पुलिस ने उक्त नंबर पर संपर्क किया, लेकिन नंबर छत्तीसगढ़ का निकला। जिस व्यक्ति से संपर्क हुआ उसने मृतक को पहचानने से इंकार कर दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा युवक की पहचान और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके।

