अमरावती, 26 मई । आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में मंगलवार को एक निजी ट्रैवल बस पलट गई, जिसमें करीब 30 यात्री घायल हो गए। यह हादसा गुंटी मंडल के वेन्नेडोड्डी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर हुआ।
हैदराबाद से अनंतपुर जा रही यह बस उस समय अनियंत्रित होकर पलट गई, जब बस ड्राइवर ने सामने से आ रहे लॉरी से टक्कर बचाने की कोशिश की।
यात्रियों के अनुसार, बस तीन बार पलटी और फिर खेतों में जाकर रुकी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
घायलों को अनंतपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी बीच मंगलवार को हैदराबाद के महात्मा गांधी बस स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक बस में अचानक आग लग गई।
यह बस तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम के गडवाल डिपो की थी, जो प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। आग लगने से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
अलर्ट यात्रियों और कर्मचारियों ने तुरंत बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। एक सतर्क बस कंडक्टर और अन्य लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
एक अन्य हादसे में तेलंगाना के निजामाबाद जिले में कई वाहनों की टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि कुछ अन्य भी घायल हुए।
यह हादसा सोमवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर इंदलवाई मंडल के चंद्रायणपल्ली के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, एक ट्रक ने सात कारों को टक्कर मार दी, जो पहले हुए एक हादसे के कारण सड़क पर रुकी हुई थीं। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

