सागर, जीशान खान। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुरई क्षेत्र में एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माणाधीन मकानों से भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। विभाग ने कुल 269 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त कर विभिन्न प्रकरण दर्ज किए हैं।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे के आदेश पर कंट्रोलर सहायक जिला आबकारी अधिकारी पूजा चंद्रन के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने 23 मई को खुरई वृत्त क्षेत्र में कार्रवाई की। नगर परिषद बरोंदिया कलां के वार्ड क्रमांक 6 में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्माणाधीन दो मकानों की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।
वृत्त प्रभारी मृत्युंजय ठाकुर की टीम ने एक मकान से देशी मदिरा मसाला की 26 पेटियां जब्त कीं, जबकि दूसरे मकान से गोवा व्हिस्की, बॉम्बे व्हिस्की और पावर व्हिस्की सहित 24.12 बल्क लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। आबकारी विभाग ने दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार निर्माणाधीन मकानों का उपयोग लंबे समय से अवैध शराब छिपाने के लिए किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने रजवास क्षेत्र के बिनायठा और लच्छासर में भी दबिश देकर दो अन्य प्रकरण कायम किए। पूरी कार्रवाई में देशी-विदेशी शराब और बीयर सहित करीब 1 लाख 62 हजार रुपए कीमत की अवैध मदिरा जब्त की गई।
इसके अलावा शराब दुकान के पास संचालित अवैध अहाते पर भी कार्रवाई की गई। विभागीय अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई में वृत्त प्रभारी बीना रोशनी उरेती, आबकारी उप निरीक्षक शैलेन्द्र मार्को, मुख्य आरक्षक मदन यादव, एस.पी. साकेत एवं आरक्षक प्रदीप दुबे की विशेष भूमिका रही।

