कोलकाता, 25 मई । कोलकाता पुलिस के सेंट्रल डिवीजन के न्यू मार्केट थाने की टीम ने सोमवार सुबह कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के मेयर-इन-काउंसिल सदस्य बैश्वानोर चट्टोपाध्याय को समन जारी किया। उन पर निगम के सचिव किशोर कुमार बिस्वास के साथ बदसलूकी और मारपीट करने का आरोप है।किशोर कुमार बिस्वास ने शनिवार को न्यू मार्केट थाने में चट्टोपाध्याय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मध्य कोलकाता स्थित केएमसी मुख्यालय न्यू मार्केट थाना क्षेत्र में आता है। चट्टोपाध्याय वार्ड नंबर 81 से ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के पार्षद हैं।
शिकायत के आधार पर न्यू मार्केट थाने की पुलिस ने सोमवार को बैश्वानोर चट्टोपाध्याय को पूछताछ के लिए समन जारी किया। वह पेशे से वकील भी हैं।
पिछले शुक्रवार को कोलकाता नगर निगम की कमिश्नर स्मिता पांडे ने निगम की बैठक रद्द कर दी थी। इसके बावजूद निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए बैठक जारी रखी गई।
केएमसी की चेयरपर्सन माला रॉय ने साफ कहा कि सभी पार्षदों की मौजूदगी जरूरी है। इसके बाद बैठक आयोजित की गई। हालांकि, निगम का सत्र कक्ष अंदर से बंद था, इसलिए बैठक आगंतुक कक्ष में कराई गई।
इसी दौरान तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों ने नगर निगम भवन में मौजूद पार्षद क्लब में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल सत्र कक्ष खोलने की मांग को लेकर नगर निगम सचिव के कार्यालय पहुंचा। जानकारी के मुताबिक, इस प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई बैश्वानोर चट्टोपाध्याय कर रहे थे। इस दौरान सचिव के साथ बदसलूकी और उन्हें परेशान करने के आरोप लगाए गए।
नगर निगम के सचिव और नगर निगम आयुक्त ने इस मामले में न्यू मार्केट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने चट्टोपाध्याय को पूछताछ के लिए तलब किया है। जानकारी के मुताबिक, उन्हें नोटिस भेजा गया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस इस घटना में उनकी भूमिका की जांच करना चाहती है।
सेक्रेटरी के साथ बदसलूकी के आरोपों पर चट्टोपाध्याय ने कहा, “मैंने सिर्फ अपनी बात रखी थी। मुझे बोलने की आजादी है और मैं मेयर-इन-काउंसिल का सदस्य हूं। मैंने उनसे नगर निगम का सभा कक्ष खोलने को कहा था। अगर जनप्रतिनिधियों को अपने अधिकारों के तहत बोलने की आजादी नहीं मिलेगी, तो यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।”
गौरतलब है कि रविवार को राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा था कि किसी भी सरकारी अधिकारी के साथ बदसलूकी या अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सचिव के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

