छतरपुर। देश के प्रमुख नॉन-मेट्रो एयरपोट्र्स की कस्टमर सेटिस्फेक्शन रैंकिंग में इस बार उदयपुर एयरपोर्ट को बड़ा झटका लगा है। कई वर्षों तक देश के टॉप-3 और टॉप-5 एयरपोट्र्स में शामिल रहने वाला उदयपुर एयरपोर्ट पहली बार टॉप-10 की सूची से बाहर हो गया है। वहीं मध्य प्रदेश का खजुराहो एयरपोर्ट और महाराष्ट्र का औरंगाबाद एयरपोर्ट 4.98 स्कोर के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहे हैं।


देशभर की रैंकिंग में मध्य प्रदेश का खजुराहो एयरपोर्ट और महाराष्ट्र का औरंगाबाद एयरपोर्ट 4.98 स्कोर के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहे हैं। दूसरे स्थान पर मदुरै और विजयवाड़ा एयरपोर्ट रहे। उदयपुर एयरपोर्ट की रैंकिंग में आई गिरावट का प्रमुख कारण डबोक एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल भवन का निर्माण कार्य माना जा रहा है। निर्माण के चलते मौजूदा यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, सूचना प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, स्टाफ के व्यवहार और सेवा गुणवत्ता पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा सका, जिसका असर यात्री संतुष्टि पर पड़ा।


उदयपुर एयरपोर्ट पहले कई बार देश का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट रह चुका है। वर्ष 2020, 2021 और 2022 में इसने कस्टमर सेटिस्फेक्शन सर्वे में पहला स्थान हासिल किया था। वर्ष 2023 और 2024 में यह दूसरे स्थान पर रहा, जबकि 2025 में भोपाल और खजुराहो एयरपोर्ट के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर था। अब नए टर्मिनल के निर्माण के साथ प्रबंधन के सामने यात्रियों के अनुभव और सेवा गुणवत्ता को फिर से बेहतर बनाकर पुरानी प्रतिष्ठा हासिल करने की चुनौती है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के ताजा सर्वे में उदयपुर को 4.86 स्कोर के साथ 12वीं रैंक मिली है, जबकि राजस्थान से जोधपुर एयरपोर्ट 4.88 स्कोर के साथ 10वें स्थान पर पहुंचकर राज्य में सबसे आगे रहा। अजमेर का किशनगढ़ एयरपोर्ट 4.85 स्कोर के साथ 13वें और जैसलमेर एयरपोर्ट 4.75 स्कोर के साथ 21वें स्थान पर रहा।