गुनौर, जीतेन्द्र रजक । जैन समाज द्वारा साधु-संतों की सुरक्षा एवं हाल ही में हुई दुखद घटना की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर तहसील कार्यालय गुनौर पहुंचकर नायब तहसीलदार राजेश मेहरा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में समाज ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की।


ज्ञापन में कहा गया कि घटना को केवल सामान्य दुर्घटना मानना उचित नहीं होगा। उपलब्ध तथ्यों एवं विभिन्न चर्चाओं के आधार पर समाज में गहरी चिंता और आशंका का माहौल बना हुआ है। ऐसे में मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।


जैन समाज ने SIT अथवा न्यायिक जांच, घटना से जुड़े CCTV एवं डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा यदि किसी प्रकार की साजिश के तथ्य सामने आते हैं तो दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग रखी। इसके साथ ही साधु-संतों की सुरक्षा हेतु विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल और राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति लागू करने की भी मांग की गई।


ज्ञापन सौंपने के दौरान जैन समाज के अध्यक्ष प्रबल जैन, संजय जैन, राजू जैन, धर्मेंद्र जैन, मनीष जैन, विनय कुमार जैन, अतुल जैन, नरेंद्र जैन, गुड्डा जैन सहित सैकड़ों महिलाएं एवं जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।