गाजियाबाद, 26 मई । ईद-उल-अजहा पर्व की तारीख में बदलाव के बाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद ने महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए 28 मई 2026 के सभी निर्धारित अपॉइंटमेंट्स को 27 मई 2026 पर स्थानांतरित कर दिया है। इस निर्णय का असर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र पर पड़ेगा। विदेश मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा जारी सूचना के अनुसार पहले ईद-उल-अजहा का अवकाश 27 मई को प्रस्तावित था, लेकिन पर्व की तिथि बदलने के बाद अब अवकाश 28 मई 2026 को घोषित किया गया है। इसी कारण प्रशासन ने 28 मई को निर्धारित सभी पासपोर्ट संबंधी अपॉइंटमेंट्स को एक दिन पहले यानी 27 मई को शिफ्ट करने का फैसला लिया है।

कार्यालय की ओर से बताया गया है कि जिन आवेदकों के अपॉइंटमेंट 28 मई को निर्धारित थे, उन्हें एसएमएस के माध्यम से नई तारीख की जानकारी भेज दी गई है। संबंधित आवेदकों से अनुरोध किया गया है कि वे संशोधित तिथि के अनुसार अपने निर्धारित पासपोर्ट सेवा केंद्र या डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र पर समय से पहुंचना सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी आवेदक को बदली हुई तारीख पर उपस्थित होने में असुविधा होती है, तो वह अपनी सुविधा के अनुसार अपने अपॉइंटमेंट को ऑनलाइन पुनर्निर्धारित (रिश्चेड्यूल) कर सकता है। विभाग ने आवेदकों से अपील की है कि वे अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए अपने मोबाइल पर प्राप्त संदेश और पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी को ध्यानपूर्वक जांच लें।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने यह भी सूचित किया है कि 28 मई 2026 को ईद-उल-अजहा अवकाश के कारण गाजियाबाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय सहित उसके अधीन आने वाले सभी पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। ऐसे में आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा और दस्तावेज संबंधी अपनी तैयारियां नई तारीख के अनुसार ही करें।