नई दिल्ली, 26 मई । बकरीद को लेकर देशभर में तैयारियां जोरों पर हैं। बाजारों में बकरों की भारी मांग के साथ-साथ कीमतों में भी उछाल देखने को मिल रहा है। पटना के जगदेव पथ बकरा बाजार में रौनक छाई हुई है। स्थानीय विक्रेताओं के अनुसार इस बार पिछले वर्षों की तुलना में मांग और कारोबार दोनों ज्यादा है।

बकरी बेचने आए एमडी राजा ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया, "इस बार बाजार में काफी रौनक है। तोतापरी नस्ल की बकरी सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है। एक बकरी की कीमत एक लाख रुपए तक पहुंच गई है।"

एक अन्य विक्रेता मोहम्मद असलम ने कहा, "गांवों में महंगे दाम मिलते हैं, जबकि यहां बाजार में अच्छा तालमेल है। खरीदार अलग-अलग नस्लों के बकरे देख रहे हैं।"

बाजार में मौजूद विक्रेताओं ने बताया कि बाबरी नस्ल की बकरियां भी खूब बिक रही हैं। अन्य विक्रेता ने बताया, "पिछले साल जो बकरी 25,000 रुपए में बिकती थी, इस बार उसकी कीमत 40,000 रुपए पहुंच गई है। यूपी, झारखंड समेत कई राज्यों से बकरियां यहां आई हैं। खरीदार भी ज्यादा हैं, इसलिए आमदनी अच्छी हो रही है।"

यूपी के भदोही में बकरीद और गंगा दशहरा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने कहा, "दो बड़े त्योहार-गंगा दशहरा और ईद-उल-अजहा (बकरीद) एक साथ मनाए जा रहे हैं। । दोनों त्योहार 27-28 मई को मनाए जाएंगे। हमने पुलिस थाना, तहसील और गांव स्तर पर शांति समितियों की बैठकें की हैं। सभी समुदायों को विश्वास में लिया गया है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा सकें।"

कानपुर एसपी श्रद्धा पांडे ने बताया, "बकरीद की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में 167 मस्जिदें और 36 ईदगाहें हैं जिनमें 8 ईदगाहों पर 500 से 1000 लोगों और 7 ईदगाहों पर 1000 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने की संभावना है। सभी ईदगाहों का जायजा लिया गया है। खुले इलाकों में नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। कुर्बानी के बाद अवशेषों के निपटारे के लिए भी सभी को जागरूक किया गया है और उन्होंने सहमति जताई है।"

इसके अलावा तमिलनाडु के शिवगंगा बकरीद और आगामी शादी सीजन को देखते हुए तिरुप्पुवनम की साप्ताहिक पशु मंडी में बकरियों और मुर्गियों की कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं। मंडी में 4000 से ज्यादा बकरियां और पक्षी लाए गए थे। मदुरै, थेनी और डिंडीगुल समेत कई जिलों से व्यापारी यहां पहुंचे। बकरियां 7,000 से 12,000 रुपए के बीच बिकीं। मंडी में कुल कारोबार दो करोड़ रुपए से ज्यादा होने का अनुमान है।

देशभर में बकरीद की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बाजारों में जहां व्यापारिक रौनक है, वहीं प्रशासन शांति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रहा है।