मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ क्षेत्र में हरियाणा पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। धोखाधड़ी (420) के मामले में गिरफ्तार पिता-पुत्र पुलिस की हिरासत से पुलिस वाहन लेकर फरार हो गए। हालांकि कुछ दूरी पर वाहन लावारिस हालत में बरामद हो गया, लेकिन दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुग्राम ले जा रही थी। रास्ते में गरोठ स्थित एक पेट्रोल पंप पर वाहन में ईंधन भरवाने के लिए पुलिसकर्मी नीचे उतर गए। इसी दौरान हथकड़ी लगे आरोपियों ने पुलिस की चूक का फायदा उठाया, वाहन की ड्राइविंग सीट संभाली और पुलिस की कार लेकर मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि आरोपी कुछ दूरी तक वाहन लेकर भागे और बारहमासी फंटे के पास पुलिस वाहन छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गरोठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पुलिस वाहन लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज कर दी गई है। स्थानीय पुलिस और हरियाणा पुलिस संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश में सर्च अभियान चला रही हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच के साथ ही संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और आरोपी एस्कॉर्टिंग प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

