छतरपुर। थाना मातगुवां पुलिस ने रेलवे लाइन पर मिले क्षत-विक्षत शव के मामले का खुलासा करते हुए हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को महाराजा छत्रसाल रेलवे स्टेशन और ईसानगर रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर एक क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान ग्राम महेवा, थाना ओरछा रोड निवासी रामजी रैकवार के रूप में हुई, जिनकी गुमशुदगी पहले से दर्ज थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया और भौतिक व तकनीकी साक्ष्यों के साथ परिजनों के बयान के आधार पर हत्या एवं साक्ष्य मिटाने सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में गठित टीम ने जांच के दौरान ग्राम महेवा निवासी मूलचंद रैकवार तथा एक विधि-विरुद्ध किशोर को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रामजी रैकवार को बुलाकर कुल्हाड़ी से हत्या की थी। हत्या के बाद शव को पहले झाडिय़ों में छिपाया गया और बाद में घटना को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से बोरे में भरकर रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं एसडीओपी बिजावर अजय रिठौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मातगुवां उप निरीक्षक अंकुर चौबे सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




