सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी मालवा में दो साल पुराने बहुचर्चित नज़ीर अहमद मॉब लिंचिंग मामले में अदालत ने आज एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। न्यायालय ने गौसेवा और धर्म के नाम पर कानून अपने हाथ में लेकर एक बेकसूर की जान लेने वाले 14 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह फैसला समाज के लिए एक बड़ा सबक है कि नफरत और हिंसा का रास्ता सिर्फ और सिर्फ बर्बादी की ओर ले जाता है।
सबसे पहले आपको बताते हैं कि अगस्त 2022 को हुआ क्या था
इस मामले की शुरुआत हुई थी 3 अगस्त 2022 को, जब महाराष्ट्र के रहने वाले नज़ीर अहमद नाम के एक युवक पर गौ-तस्करी का झूठा आरोप लगाकर मध्यप्रदेश के सिवनी मालवा के समीप उग्र और कट्टरपंथी भीड़ ने नज़ीर को घेर लिया और उसे बेरहमी से पीटा। भीड़ ने कानून को ताक पर रखकर नज़ीर को तब तक पीटा जब तक कि उसने दम नहीं तोड़ दिया। मॉब लिंचिंग की इस घटना के बाद उस वक्त पूरा देश दहल उठा था।
अब जानिए कि न्यायालय ने क्या कहकर 14 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई
सिवनी मालवा के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय में चले इस मामले की गंभीरता और सबूतों को देखते हुए आज ऐतिहासिक फैसला सुनाया गया। अदालत ने इस मामले में संलिप्त सभी 14 आरोपियों को नज़ीर अहमद की हत्या का दोषी माना और सख्त रुख अपनाते हुए सभी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। यहां पर न्यायाधीश ने साफ संदेश गया कि भीड़तंत्र की आड़ में किए गए अपराधों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सजा का ऐलान हेते ही कोर्ट परिसर में हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
जैसे ही अदालत के भीतर न्यायाधीश ने सभी 14 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई, कोर्ट परिसर के बाहर का माहौल पूरी तरह बदल गया। वहां मौजूद आरोपियों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जब पुलिस ने दोषियों को जेल ले जाने के लिए पुलिस वैन में बिठाया, तो उग्र समर्थकों ने गाड़ी को घेर लिया। कुछ लोग पुलिस वैन के आगे सड़क पर ही लेट गए। हालांकि भारी धक्का-मुक्की और तीखी बहस के बीच पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाला और दोषियों को जेल भेजा।
परिजनों का दर्दनाक कबूलनामा, बोले- गौसेवा के नाम पर उनके बच्चों का हुआ इस्तेमाल
सजा मिलने के बाद रोते-बिलखते परिजनों की लाचारी ने एक कड़वी सच्चाई को उजागर किया। परिजनों का कहना था कि कुछ संगठन और लोग उनके बच्चों को बहला-फुसलाकर गौसेवा के नाम पर घर से ले गए थे, उन्हें अंदाजा नहीं था कि इसका अंजाम ऐसा होगा। इस कबूलनामे ने साफ कर दिया है कि कैसे कुछ कट्टरपंथी संगठन आम परिवारों के मासूम युवाओं को मोहरा बनाकर उन्हें अपराध के दलदल में धकेल रहे हैं।
यह मामला समाज के लिए चेतावनी
यह घटना पूरे समाज और अभिभावकों के लिए एक गंभीर चेतावनी भी है। गाय और धर्म के नाम पर एक बेकसूर की जान चली गई और उसे मारने वाले 14 युवा अपने जीवन के सबसे सुनहरे साल अब जेल की सलाखों के पीछे काटेंगे। इस घटना से सबक लेकर लोगों को अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए, ताकि वे किसी ऐसे कट्टरपंथी संगठन के चंगुल में न फंसें जो उन्हें अपराधी बना दे। बहरहाल सिवनी मालवा का यह फैसला देश के हर उस युवा के लिए एक सबक है जो धर्म के नाम पर अंधा होकर कानून को हाथ में लेने की सोचता है। अंत में नुकसान सिर्फ भड़काने वाले नेताओं का नहीं, बल्कि उन मासूम परिवारों का होता है जिनके बच्चे सलाखों के पीछे चले जाते हैं। अपने बच्चों को सही और गलत का फर्क सिखाएं, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रह सके और समाज में अमन-चैन बना रहे।




