छतरपुर, मोहसिन अहमद। शहर के बस स्टैंड से लेकर आरटीओ ऑफिस तक हाल ही में बनी हाईवे सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, साथ ही उचित ड्रेनेज व्यवस्था नहीं होने और भारी वाहनों के लगातार दबाव के कारण सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई।


गुरुद्वारा से लेकर फोरलेन महोबा ब्रिज तक सड़क की हालत बेहद खराब बनी हुई है। वाहन चालकों को हर दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी एसी गाड़ियों में निकल जाते हैं, लेकिन उन्हें सड़क पर बने जानलेवा गड्ढे दिखाई नहीं देते।


स्थानीय नागरिकों ने यह भी बताया कि डिवाइडर के सौंदर्यीकरण का काम अधूरा पड़ा हुआ है। न तो डिवाइडर पर लाइटें लगाई गईं और न ही रेलिंग का काम पूरा किया गया। लंबे समय से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। लोगों को डर है कि आगामी बारिश में ये गड्ढे और गहरे हो जाएंगे, जिससे बड़े हादसे हो सकते हैं।


नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने, गड्ढे भरवाने और अधूरे निर्माण कार्य पूरे कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और हादसों पर रोक लगाई जा सके।