भोपाल, जीतेन्द्र यादव। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने गेहूं खरीदी को लेकर प्रदेश सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है। भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि सरकार गेहूं खरीदी को लेकर भ्रम फैला रही है और लाखों किसान अब भी स्लॉट मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
कुणाल चौधरी ने कहा कि सरकार 95 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी का दावा कर रही है, जबकि प्रदेश में अभी भी करीब 160 लाख मीट्रिक टन गेहूं मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने खरीदी की तारीख बढ़ाने की घोषणा तो की, लेकिन 30 मई तक स्लॉट बुकिंग जारी रखने के बजाय तारीख घटाकर 28 मई कर दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब 50 प्रतिशत किसान अब भी स्लॉट की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऑनलाइन व्यवस्था पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “सरकार ने खरीदी इतनी ऑनलाइन कर दी है कि किसान लाइन में खड़ा-खड़ा ऑफलाइन हो रहा है।” उनका आरोप है कि कई खरीदी केंद्रों पर सर्वर डाउन होने से किसानों को घंटों परेशान होना पड़ रहा है।
बिजली संकट को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। कुणाल चौधरी ने कहा कि भीषण गर्मी में गांवों में रात के समय बिजली कटौती की जा रही है। एक तरफ सरकार लोगों को धूप में बाहर नहीं निकलने की एडवाइजरी जारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर किसान खरीदी केंद्रों पर घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं।
सोयाबीन के दामों को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब किसानों ने सोयाबीन बेचा तब उन्हें उचित कीमत नहीं मिली, लेकिन अब वही किसान सोयाबीन खरीद रहा है तो कीमतें बढ़ा दी गई हैं।
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि ईरान सस्ता तेल देने को तैयार था, लेकिन सरकार ने अमेरिका के दबाव में तेल खरीदना बंद कर दिया। वहीं सरकार द्वारा 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी के दावे पर उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने इतनी खरीदी कर भी ली है तो यह किसानों पर कोई एहसान नहीं है, क्योंकि सरकार ने किसानों से एक-एक दाना खरीदने का वादा किया था, जिसे पूरा नहीं किया गया।

