छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। बकराईद से पहले जिले में बकरा चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। तामिया थाना क्षेत्र के बिजौरी पठार गांव में ग्रामीणों ने बकरा चोरी करने पहुंचे एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


जानकारी के अनुसार अमरवाड़ा क्षेत्र के सोनपुर निवासी चार युवक एक ओमनी वैन में सवार होकर बिजौरी पठार गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि आरोपी गांव में बकरा-बकरी चोरी करने की फिराक में थे। ग्रामीणों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद लोगों ने उन पर नजर रखना शुरू कर दिया।


इसी दौरान आरोपी मवेशी चुराकर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। तीन युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि अभय जायसवाल नामक युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों ने उसे गांव के एक पेड़ से बांध दिया और जमकर पीटा।


घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और तामिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार साथियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में लगातार हो रही बकरी और मवेशी चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।