कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार की आवास योजनाओं के तहत गरीब परिवारों को पक्का घर तो मिल गया, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उनका जीवन मुश्किलों से घिरा हुआ है। कानपुर देहात की आसरा आवास कॉलोनी में रहने वाले करीब 400 परिवार जलभराव, टूटी सड़कों, बिजली और पानी की समस्याओं से परेशान हैं। बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं। लोगों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत और धरना-प्रदर्शन करने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।कॉलोनी में रहने वाले बुद्ध प्रकाश ने बताया कि वह पिछले एक साल से यहां रह रहे हैं। उनके अनुसार सबसे बड़ी समस्या सड़क और कीचड़ की है। बारिश होते ही पूरी कॉलोनी की सड़कें दलदल में बदल जाती हैं, जिससे बच्चों का स्कूल जाना बेहद कठिन हो जाता है। स्कूल वाहन कॉलोनी के अंदर आने से मना कर देते हैं, इसलिए अभिभावकों को छोटे बच्चों को गोद या कंधे पर बैठाकर मुख्य सड़क तक छोड़ने जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल से निकलना भी बेहद मुश्किल हो जाता है। उनका कहना है कि सरकार को पहले सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित करनी चाहिए थीं, उसके बाद ही मकानों का आवंटन करना चाहिए था।
स्थानीय निवासी सुहाना बेगम ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से इस कॉलोनी में रह रही हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में घुटनों तक पानी भर जाता है। सड़कें कच्ची हैं और नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते समय फिसलकर गिर जाते हैं और कई बार घायल भी हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि बिजली की समस्या भी लगातार बनी रहती है। कई-कई दिन बिजली बाधित रहती है। इसके अलावा पानी की समस्या भी अक्सर बनी रहती है।
सुहाना बेगम ने कहा कि कॉलोनी में रहने वाले अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। बच्चों के घायल होने पर इलाज कराना भी कई परिवारों के लिए मुश्किल हो जाता है। उनका कहना है कि अगर उनके पास पर्याप्त संसाधन होते तो वे ऐसी परिस्थितियों में रहने को मजबूर नहीं होते।
एक अन्य निवासी अनूप मिश्रा ने बताया कि कॉलोनी की सड़क पिछले एक साल से खराब पड़ी है। बारिश का पानी भरने से हालात और खराब हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक महिला सड़क पर फिसलकर गिर गई थी। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों को आवेदन दिए गए और धरना-प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस मामले पर कानपुर देहात के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने कहा कि अकबरपुर नगर पंचायत की ओर से रूरा रोड स्थित आसरा आवास कॉलोनी का आवंटन पहले ही किया जा चुका है और वर्तमान में वहां 398 परिवार रह रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि कॉलोनी निचले इलाके में होने के कारण जल निकासी की समस्या बनी हुई है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सीएंडडीएस के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है। परियोजना तैयार होने के बाद उसे शासन को भेजा जाएगा और बजट स्वीकृत होने पर पक्के नाले तथा अन्य आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएंगे। फिलहाल बारिश को देखते हुए रास्तों पर मिट्टी डलवाकर आवागमन बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि उनकी ओर से एक सड़क को मंजूरी दी जा चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि अन्य समस्याएं भी सामने आती हैं तो उनका भी समाधान कराया जाएगा।




