बैतूल/चिचोली, सुरेन्द्र बावने। अखिल भारतीय गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के आह्वान पर जिले सहित क्षेत्र में नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विश्व नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर तहसील एवं थाना स्तर पर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में शराबबंदी लागू करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण की मांग की जा रही है।


इसी क्रम में चिचोली में गायत्री परिवार के सदस्यों ने तहसीलदार प्रेम सिंह दीवान एवं थाना प्रभारी हरिओम पटेल को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए शराबबंदी लागू करने तथा नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।


गायत्री परिवार के प्रवक्ता मनीष सोनी ने कहा कि नशे की लत के कारण युवा वर्ग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहा है तथा परिवारों में कलह और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि नशे के कारण महिलाओं को घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है, जिससे परिवार टूट रहे हैं।


विक्की सोनी ने कहा कि क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार बढ़ रहा है, जिससे अपराधों में वृद्धि हो रही है। उन्होंने सरकार से इस पर सख्त नियंत्रण की मांग की। वहीं रजनी सोनी ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का लाभ भी कई बार नशे की वजह से प्रभावित होता है, इसलिए शराबबंदी समय की आवश्यकता है।


ज्ञापन सौंपने के दौरान सागर सोनी, शिवशंकर दुबे, डॉ. अंकित आर्य, ललिता घोटे, बब्बू गजाम, आकाश सोनी, सरला आर्य, राजकुमार आर्य, देविका लौखंडे सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि नशा मुक्ति और शराबबंदी को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।