गांधीनगर। गुजरात में स्कूल प्रवेश महोत्सव की मंगलवार से शुरुआत हो गई है। गुजरात राज्य मार्ग वाहन व्यवहार निगम की ओर से अगरिया विस्तार रन स्कूलों के लिए स्कूल ऑन व्हील्स योजना की शुरुआत की है।गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने 'समग्र शिक्षा' अभियान के तहत तैयार की गईं 28 विशेष सरकारी बसों का लोकार्पण किया। इन बसों में छोटे बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन बसों में बच्चों के लिए योग से लेकर 'मन की बात' कार्यक्रम सुनने तक के साधन उपलब्ध कराए गए हैं। इन इको-फ्रेंडली बसों की छत पर सोलर पैनल लगाए गए हैं, जिससे ये पूरी तरह सौर ऊर्जा (स्वच्छ ऊर्जा) से संचालित होती हैं।

बता दें कि गुजरात सरकार का यह उपक्रम छोटे कस्बों के विद्यार्थियों को शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। 48 घंटे तक इलेक्ट्रिक साधन चल सके ऐसी सुविधा युक्त 20 वर्ष की वारंटी के साथ सोलर पैनल बस के ऊपर लगाया गया है। बसों में स्मार्ट टीवी, एफएम पोर्टेबल रेडियो, शेड छत्रछाया वॉल फोन, योग जैसी अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध है।

उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज 23वें प्रवेश उत्सव की शुरुआत की गई है। गुजरात राज्य मार्ग वाहन की ओर से 28 बसों शिक्षा विभाग को सौंपा गया है। इन बसों में स्कूल के कक्षा से भी अच्छी व्यवस्था की गई है। ये बसें सोलर पावर के माध्यम से चलेंगी।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन क्लास लेने के लिए बसों में डिश टीवी का प्रावधान किया गया है। हर बस में 20 बच्चों को पढ़ने के लिए व्यवस्था की गई है। बसों में बच्चों के खेलते-खेलत पढ़ने की व्यवस्था की गई है। आने वाले वक्त में इस तरह की और बसों की भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि मैं इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा करता हूं।