सतना, अंबिका केशरी। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवराजपुर के समीप स्थित प्रसिद्ध गाजीपुर माता मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर परिसर में स्थापित चांदी जड़ित सिंहासन की चांदी उखाड़कर ले गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है तथा ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।


जानकारी के अनुसार मंदिर के पुजारी ने सिंहपुर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि शिवराजपुर निवासी एवं मुंबई के उद्योगपति रुद्र उरमलिया ने श्रद्धाभाव से मंदिर में चांदी जड़ित सिंहासन का निर्माण कराया था। चोरों ने सुनियोजित तरीके से सिंहासन से चांदी उखाड़कर चोरी कर ली।


घटना की सूचना मिलते ही नागौद एसडीओपी रघु केसरी एवं सिंहपुर थाना प्रभारी पंकज शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों से साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू कर दी है।


पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में गहरा रोष है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ ही मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।