मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले की सीतामऊ तहसील अंतर्गत लदूना गांव में गैस सिलेंडर लीक होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रसोई में अचानक आग भड़कने से एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। राहत की बात यह रही कि सभी की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घर में गैस सिलेंडर खत्म होने के बाद दूसरा सील बंद सिलेंडर लगाया जा रहा था। जैसे ही सिलेंडर का ढक्कन खोला गया, तेज प्रेशर के साथ एलपीजी गैस का रिसाव शुरू हो गया। इसी दौरान पास में जल रहे चूल्हे की आग ने गैस को पकड़ लिया और देखते ही देखते पूरी रसोई आग की चपेट में आ गई। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में जगदीश राठौर, उनकी पत्नी राधाबाई राठौर, पुत्री प्रती राठौर तथा घर में काम कर रहा मजदूर परमेश्वर भील घायल हो गए। सभी को तत्काल सीतामऊ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति सामान्य बनी हुई है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। परिजनों ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि थोड़ी देर और हो जाती तो नुकसान काफी बढ़ सकता था।
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। वहीं लोगों से गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय सावधानी बरतने और रिसाव की स्थिति में तुरंत सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

